सम्मान समारोह समिति की आम सभा में नई कार्यकारिणी का गठन
भागलपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। सम्मान समारोह समिति, भागलपुर की आम सभा मंगलवार को श्री श्री गौशाला, भागलपुर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के वरिष्ठ सदस्य अतुल ढांढनिया ने की। बैठक के प्रारंभ में समिति के महामंत्री अभिषेक कुमार जैन ने विगत वर्ष की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा समिति का आय-व्यय विवरण सभा के समक्ष रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसके उपरांत आगामी कार्यकाल के लिए समिति के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया।
आमसभा द्वारा सर्वसम्मति से अशोक भिवानीवाला को अध्यक्ष, अभिषेक कुमार जैन को महामंत्री तथा प्रकाश चोखानी को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। बैठक में समिति के भावी कार्यक्रमों, संगठन के विस्तार एवं समाज हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया तथा आगामी वर्षों में समिति की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही बीते 01 अगस्त को आयोजित रायबहादुर वंशीधर ढांढनिया स्मृति मेधावी छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपस्थित सभी सदस्यों ने कार्यक्रम के भव्य, गरिमामय एवं सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगियों एवं प्रायोजकों के सामूहिक योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस मौके पर अशोक भिवानीवाला, अतुल ढांढनिया, अभिषेक कुमार जैन, प्रकाश चोखानी, विनय डोकानिया, राजेश सर्राफ, पवन पोद्दार, बद्रीप्रसाद छापोलिका, सुनील बुधिया, निमित गोयनका, रामानंद कनोडिया एवं मनीष छापड़िया मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर