भारत विकास परिषद की नई ‘अजगैबीनाथ धाम शाखा’ का गठन, शिवम कुमार चौधरी बने अध्यक्ष
भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। भारत विकास परिषद के विस्तार अभियान के तहत सुल्तानगंज में एक नई शाखा ‘अजगैबीनाथ धाम शाखा’ का विधिवत गठन किया गया है। सत्यम शाखा भागलपुर एवं अंग शाखा भागलपुर के तत्वावधान और मार्गदर्शन में इस नई शाखा की शुरुआत की गई है।
सुल्तानगंज स्थित बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में समाजसेवी शिवम चौधरी के संचालन में गुरुवार को आयोजित एक समारोह के दौरान शाखा का गठन हुआ।
शाखा संस्थापक संयोजक एवं अंग शाखा सचिव चांद झुनझुनवाला ने बताया कि नई कार्यकारिणी में शिवम कुमार चौधरी को अध्यक्ष, ऋषभदेव को सचिव, मुकेश कुमार को कोषाध्यक्ष तथा पवन केसान को संगठन संयोजक मनोनीत किया गया है। इस अवसर पर कुल 40 नए सदस्यों को परिषद की सदस्यता ग्रहण कराते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और उन्हें संस्था का पहचान प्रतीक प्रदान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव मुकेश कुमार ने नए पदाधिकारियों और सदस्यों को परिषद की कार्यप्रणाली, नियमों और सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1963 में स्थापित भारत विकास परिषद वर्तमान में देशभर की 1600 शाखाओं के माध्यम से राष्ट्र सेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि परिषद द्वारा आयोजित 'भारत को जानो' और 'राष्ट्रीय समूह गान' जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्कूली बच्चों में राष्ट्रीय चेतना जगाई जा रही है।
इस वर्ष देशभर के एक लाख स्कूलों के करीब 30 लाख बच्चों ने इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। गौरतलब है कि भागलपुर में 25 वर्ष पूर्व सत्यम शाखा से इसकी शुरुआत हुई थी, जिसके बाद अंग शाखा, बांका शाखा और अब 18 दिसंबर को सुल्तानगंज शाखा का गठन किया गया है।
शपथ ग्रहण एवं शाखा गठन समारोह में क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव मुकेश कुमार, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. रतन संथालिया, सत्यम शाखा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार, अंग शाखा के अध्यक्ष राजेश जैन सहित कई प्रबुद्धजन एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर