अवैध आरा मिल पर वन विभाग की कार्रवाई, लाखों की कीमती लकड़ियां और उपकरण जब्त

 


भागलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई की है।

सजौर थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में सालों से अवैध रूप से संचालित हो रहे एक बड़े आरा मिल को विभाग की टीम ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

गुप्त सूचना के आधार पर भागलपुर वन प्रमंडल की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह छापेमारी की। वन विभाग की इस औचक कार्रवाई से इलाके के लकड़ी तस्करों और अवैध मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध आरा मिल से लाखों रुपये मूल्य की बेशकीमती शीशम और सागवान की सिली (लकड़ियां) बरामद की गई हैं। इसके अलावा मौके से भारी मात्रा में अवैध चिरान सामग्री और पेड़ काटने व चीरने के भारी उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

अवैध मिल के संचालकों के खिलाफ बिहार काष्ठ चिरान अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

वन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले और अवैध रूप से लकड़ी की तस्करी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और फरार संचालकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर