टैंकर में छिपाकर रखे गए 2777 लीटर विदेशी शराब जब्त,दो तस्कर गिरफ्तार

 


अररिया 31 अक्टूबर(हि.स.)। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को पश्चिम बंगाल से एक टैंकर में छिपाकर तस्करी के लिए लेकर जा रहे 2777.4 लीटर विदेशी शराब का खेप जब्त किया।मामले में मद्य निषेध विभाग की टीम ने तस्कर के रूप में चालक और सह चालक को गिरफ्तार किया।जानकार मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने दी।

मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि विदेशी शराब की बड़ी खेप किशनगंज से फारबिसगंज की तरफ फोर लेन सड़क से जाने वाली है। प्राप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध विभाग के एसआई शिवज्ञान कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया,जिसमें एसआई प्रीति कुमारी,एएसआई सोनालाल एवं मद्य निषेध विभाग सिपाही एवं प्रतिनियुक्त गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।सुबह करीबन पौने पांच बजे संदिग्ध टैंकर वाहन संख्या ओडी15ए 2875 आता दिखाई दिया। दल को देखकर वाहन चालक गाड़ी को घुमाने का प्रयास किया परन्तु गश्ती दल द्वारा घेराबंदी कर टैंकर को रोक लिया गया।

दल के सदस्यों ने मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर डोकरा वार्ड संख्या 10 निवासी दिनेश कुमार यादव पिया बिन्दा राय एवं वैशाली जिला के अनिरुद्ध बेलसर के अरूण कुमार पिता स्व.असर्फी राय को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो टैंकर में छिपाकर रखे गए 2777.4 लीटर विदेशी शराब का खेप बरामद हुआ।जब्त शराब फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश अंकित है।

मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाहन स्वामी एवं वाहन चालक एवं अन्य के विरूद्ध अग्रतर कार्रवाई किए जाने की बात अधीक्षक ने कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर