सिमराहा पुलिस की कार्रवाई में भारी मात्रा में शराब बरामद

 


अररिया 02 अगस्त(हि.स.)। किशनगंज में पदस्थापित फारबिसगंज वार्ड संख्या 23 आलम टोला के रहने वाले 32 वर्षीय तनवीर आलम पिता मो.अंजार को सिमराहा थाना पुलिस ने एसएसबी की गाड़ी से शराब तस्करी कर फारबिसगंज लेकर जाने के क्रम में रविवार दोपहर को एनएच 27 पर पकड़ा।एसएसबी जवान के साथ उनका एक अन्य साथी तस्कर फारबिसगंज के बंगाली टोला वार्ड संख्या 24 का 34 वर्षीय रोहित कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

सिमराहा थाना पुलिस और जिले की एंटी लिकर टास्क फोर्स की टीम ने 225 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त किया।एसएसबी 12वीं बटालियन किशनगंज में पदस्थापित तनवीर आलम किशनगंज से फारबिसगंज एसएसबी की गाड़ी से लौट रहा था।पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।दोनों तस्कर सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार संख्या बीआर06बीयू 9873 से लौट रहा था।

सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती और एएलटीएफ प्रभारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई पोठिया मोड़ के पास किया।सूचना पर पोठिया मोड़ के पास पुलिस द्वारा वाहनों की जांच शुरू की गई और इसी क्रम में जब सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार को रुकने का इशारा किया तो कार को चालक तेजी से भगाने लगे, जिसे नाकाबंदी कर पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से एसएसबी जवान और उसके ड्राइवर दोनों को धर दबोचा है।

पुलिस टीम ने जब कार की तलाशी ली तो सभी की आंखें फटी की फटी रह गई।गाड़ी से 21 कार्टन में बंद 225 लीटर शराब बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत शराब की पूरी खेप को जब्त कर लिया और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।

छापेमारी दल में सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती,एएलटीएफ प्रभारी जितेंद्र कुमार,सिमराहा थाना के एएसआई पारसनाथ,होमगार्ड के जवान मिथिलेश कुमार,योगेंद्र कुमार और महिला सिपाही प्रीति कुमारी शामिल थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर