जुगाड़ गाड़ी से 302 लीटर विदेशी शराब बरामद, मालदा का तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले की कोढ़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ागाड़ स्कूल के समीप से 302 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। शराब की यह खेप एक तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी में लकड़ी के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह सूचना मिली थी कि बड़ागाड़ स्कूल के पास तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी में लकड़ी की आड़ में विदेशी शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए कोढ़ा पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही एक व्यक्ति वाहन छोड़कर भागने लगा, जिसे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़ाकर पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की मौजूदगी में जब जुगाड़ गाड़ी की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 302 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अब्दुल बारीक (उम्र 28 वर्ष), पिता शमसुल हक, साकिन शदीली चौक, थाना हरिश्चंद्रपुर, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब को जब्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह