विदेशी शराब का खेप जब्त, चालक गिरफ्तार

 


अररिया 04 अक्टूबर(हि.स.)। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने जोकीहाट थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक पर लदे शराब का बड़ा खेप बरामद किया।

मामले में मद्य निषेध विभाग की टीम ने ट्रक चालक मुजफ्फरपुर जिला के कबैया थाना क्षेत्र के जोशीपुर परगनिया निवासी शंभू सहनी पिता अर्जुन सहनी को गिरफ्तार किया है।जानकारी मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने दी।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि विदेशी शराब की बड़ी खेप किशनगंज से फारबिसगंज की तरफ फोरलेन सड़क से जाने वाली है।

सूचना के आधार पर निरीक्षक मद्य निषेध-सह-थानाध्यक्ष द्वारा दिये गये निर्देश के आलोक में एसआई शिवज्ञान कुमार के नेतृत्व में एक मद्य निषेध टीम का गठन किया गया। दल में एएसआई सोनालाल एवं मद्य निषेध सिपाही एवं प्रतिनियुक्त गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।

गठित टीम द्वारा अहले सुबह साढ़े चार बजे जोकीहाट थाना अंतर्गत रानी चौक के पास वाहन की जांच प्रारंभ किया। संदिग्ध ट्रक वाहन संख्या एनएल 01जी/9104 आता दिखाई दिया।

जांच दल को देखकर वाहन चालक गाड़ी को घुमाने का प्रयास किया, परन्तु गश्ती दल द्वारा घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया गया।ट्रक को रोकने के बाद चालक को अपने अभिरक्षा में लेकर ट्रक की जांच की गई तो अलग अलग ब्रांड के भारी मात्रा में विदेशी शराब का कार्टून बरामद हुआ।ट्रक से कुल 2603.16 लीटर शराब की बरामदगी की गई। जब्त विदेशी शराब पर फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश लिखा हुआ है।

मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाहन स्वामी एवं वाहन चालक सहित अन्य के विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई किए जाने की बात उत्पाद अधीक्षक ने कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर