अनुमंडलीय अस्पताल में पसरे गंदगी पर निरीक्षण में डीएम बिफरे, दिए आवश्यक निर्देश

 


अररिया 15 अक्टूबर(हि.स.)। फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल का जिलाधिकारी विनोद दूहन ने अधिकारियों के साथ गुरुवार को औचक निरीक्षण किया गया।जिसमें अनुमंडलीय अस्पताल में पसरे गंदगी और साफ सफाई नहीं रहने पर बिफर पड़े और आउटसोर्सिंग एजेंसी के साथ अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

डीएम ने अस्पताल प्रबंधन को आउटसोर्सिंग एजेंसी के कार्यकलाप पर नाराजगी जाहिर की और सुधार करने का अल्टीमेटम देते हुए उनके मानदेय पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

डीएम विनोद दूहन गुरुवार को फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी,एसडीपीओ राजकिशोर कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और अनुमंडलीय अस्पताल में निहित चिकित्सीय सुविधाओं का जायजा लिया।

डीएम ने ओपीडी के अलावा सभी वार्ड,इमरजेंसी वार्ड,लेबर रूम,दवा भंडार कक्ष के निरीक्षण के साथ वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया और चिकित्सीय सुविधाओं पर संतुष्टि व्यक्त की।

उन्होंने मौके पर मौजूद अस्पताल उपाधीक्षक डॉ आशुतोष कुमार सहित अस्पताल प्रबंधक से सुविधाओं के बावत जानकारी ली और कर्मचारियों और चिकित्सकों के आगमन समयावधि के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मौके पर डीएम विनोद दूहन ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल के निरीक्षण के दौरान साफ सफाई को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। साथ ही कोरोना काल में स्थापित ऑक्सीजन जनरेटेड प्लांट में तकनीशियन के अभाव के कारण अब तक शुरू नहीं हो पाने को लेकर जल्द ही इसे शुरू करवाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास करने की बात कही। उन्होंने चिकित्सीय सुविधाओं पर संतुष्टि जाहिर की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर