अनुमंडल अनुश्रवण समिति की बैठक में राशन कार्ड सहित रसोई गैस के अवैध भंडारण का मुद्दा रहा छाया

 


अररिया 24 फरवरी(हि.स.)। फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में एसडीएम अभय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में अनुमंडल अनुश्रवण समिति की बैठक हुई,जिसमें फारबिसगंज समेत नरपतगंज और भरगामा के अधिकारियों और गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में मुख्य रूप से राशन कार्ड का मुद्दा छाया रहा।बैठक में जानकारी दी गई कि फारबिसगंज में राशन कार्ड बनाने के लिए 800,भरगामा प्रखंड में 600 और नरपतगंज प्रखंड में करीबन 250 राशन कार्ड को लेकर आवेदन दिया गया है।जिसमें राशन कार्ड से नाम हटाने,जोड़ने और संशोधित कर नए सिरे से बनाने का है।इसके अलावे बैठक में रसोई गैस के अवैध भंडारण और एजेंसी के द्वारा मनमानेपन रवैया के मुद्दे पर चर्चा की गई,जिसको लेकर एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने रसोई गैस के अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए धावा दल का गठन कर जांच करने की बात कही।

बैठक में खाद्य निगम के एजीएम ने एफसीआई गोदाम से ट्रांसपोर्टर के द्वारा 180 बोरा अनाज ही गोदाम में भेजे जाने और फारबिसगंज में ठेकेदार,ट्रांसपोर्टर और मजदूर के बीच पेमेंट को लेकर तनातनी मुद्दे पर भी चर्चा हुई। एजीएम ने बताया कि इस मुद्दे के कारण उन्हें खुलेआम धमकी दी जाती है।

एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने बताया कि जो भी शिकायतें उनके पास आ रही है,उसमें सबसे अधिक राशन कार्ड से ही संबंधित है,जिसको लेकर बैठक में त्वरित निष्पादन को लेकर दिशा निर्देश दिया गया है।एक से दो महीने में सभी लंबित मामलों का निष्पादन कर लिए जाने की एसडीएम ने अपेक्षा जताई।उन्होंने ई-केवाईसी के कारण भी कई मामलों के लटके होने की बात कही। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंड के मार्केटिंग ऑफिसर को सघन जांच कर जांच प्रतिवेदन को एक माह के भीतर देने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर