भारतीय रेल की मल्टी ट्रैक सिस्टम में फारबिसगंज के शामिल होने पर हर्ष
अररिया 02 सितम्बर(हि.स.)। देश के सात व्यस्ततम रेल रूटों में से गोरखपुर से गुवाहाटी तक की महत्वाकांक्षी मल्टी ट्रैकिंग परियोजना के तहत पूर्वांचल से पूर्वोत्तर भारत के बीच रेल आवागमन को और मजबूती प्रदान करने तथा सुगम बनाने हेतु मल्टी ट्रैक के निर्माण को मंजूरी मिली है। इस योजना के तहत रक्सौल, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सरायगढ़, फारबिसगंज,न्यू जलपाईगुड़ी होते हुए रेल मार्ग पर अतिरिक्त रेल लाइने बिछाई जाएगी।
आशय की घोषणा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा किए जाने पर फारबिसगंज के रेलवे से जुड़े प्रतिनिधियों और संगठनों के लोगों में खुशी है।सामरिक महत्व की इस महत्वपूर्ण परियोजना से गुवाहाटी से लेकर दिल्ली तक का रेल नेटवर्क फारबिसगंज मे भी काफी बढ़ेगा तथा इसे रेल के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान मिलेगी ।
रेल मंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन की केंद्रीय समिति के सदस्य बछराज राखेचा एवं इंडो नेपाल ऑर्गेनाइजेशन आफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी ने बताया कि इस मल्टी ट्रैकिंग परियोजना से इस रेल खंड पर ट्रेनों के परिचालन का दबाव तो कम होगा ही साथ ही साथ देश के विभिन्न हिस्सों में जाने के लिए ट्रेनों की संख्या भी बढ़ेगी, जिससे इस उपेक्षित क्षेत्र के रेल यात्रियों को काफी फायदा होगा।
इस मल्टी ट्रैकिंग परियोजना से उत्तर भारत पूर्वांचल-मिथिलांचल -कोसी अंचल- सीमांचल एवं पूर्वोत्तर भारत के बीच रेल संपर्क और भी ज्यादा विस्तृत एवं व्यापक होगा तथा रेल परिचालन का दबाव भी काफी घट जाएगा।
इस संदर्भ में फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा एवं संरक्षक अजातशत्रु अग्रवाल ने रेल मंत्री से मांग की है कि फारबिसगंज से लक्ष्मीपुर के बीच निर्माणाधीन 17.60 लंबे नये रेल संपर्क को भी इस परियोजना से जोड़ा जाए जिससे फारबिसगंज से सिलीगुड़ी की ओर जाने वाली ट्रेनों की दूरी लगभग 30 किलोमीटर कम हो जाएगी ।
चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के सचिव राकेश रोशन ने भी रेल मंत्रालय के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा की मल्टी ट्रैकिंग परियोजना से इस उपेक्षित क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, चिकित्सा ,शिक्षा और संस्कृति गतिविधियों, सामाजिक संबंधों को भी काफी बढावा मिलेगा।
बिहार रेल यूजर्स एशोसियेशन के रीजनल सेक्रेटरी चंदन भगत ने सुपौल से राघोपुर, नरपतगंज , फारबिसगंज, अररिया के रास्ते हावड़ा के लिए त्रिसाप्ताहिक ट्रेन एवं डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी के बीच चलने वाली किसी एक राजधानी एक्सप्रेस को वाया ठाकुरगंज, सिलीगुड़ी ठाकुरगंज, फारबिसगंज, दरभंगा होते हुए चलाए जाने के रेल मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव के लिए सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामेत के प्रति आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर