नप की बैठक में 15 एजेंडों पर लगी मुहर,होल्डिंग टैक्स का भुगतान ऑनलाइन नहीं ऑफलाइन ही
अररिया 26 फरवरी(हि.स.)।
फारबिसगंज नगर परिषद कार्यालय के सभागार में नगर परिषद सामान्य बोर्ड की बैठक गुरुवार को मुख्य पार्षद वीणा देवी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में कुल 15 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विचार-विमर्श के बाद इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर अर्थात आइसीसीसी के निर्माण पर स्वीकृति नहीं बनने के कारण उसे रद्द कर दिया गया।बैठक में ईओ की अनुपस्थिति में प्रभारी ईओ सह सिटी मैनेजर शशि आनंद पार्षदों के सवाल पर जवाब देते नजर आये।
गत बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि के साथ शुरू हुई बैठक में एजेंडा में शामिल विभिन्न विषयों पर क्रमवार विचार-विमर्श किया गया।बैठक में टेंचिंग ग्राउंड में पार्क निर्माण के प्रस्ताव पर सकारात्मक चर्चा हुई। वही प्राथमिक विद्यालय काली मेला के अनापत्ति पर निर्णय लिया गया।वही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कुत्ता पकड़ने हेतु वाहन क्रय करने तथा नगर क्षेत्र में आवश्यक स्थलों पर डिस्प्ले बोर्ड लगाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बरसात से पूर्व मुख्य एवं अन्य नालों की सफाई का निर्णय लिया गया, ताकि बरसात में जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके। सदर रोड से हॉस्पिटल रोड तक मुख्य नाला निर्माण, कॉलेज चौक कोढ़ेली मोड़ से थाना होते हुए रेलवे फीडर तक नाला निर्माण, एलोरा स्टूडियो से राजू साह के घर तक तथा स्व. विनोद सिंह के घर से सीता धार तक मुख्य नाला निर्माण के प्रस्तावों पर भी चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का निर्णय लिया गया।इसके अतिरिक्त जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टर डाला क्रय करने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। वार्ड संख्या 04, 13, 17, 23 एवं 25 के पार्षदों द्वारा दिए गए आवेदनों पर भी विचार करते हुए संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लेने की बात कही गई।नगर परिषद द्वारा लिए गए निर्णयों से आगामी दिनों में आधारभूत संरचना एवं सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद वीणा देवी ने बताया की संपत्ति कर में ऑनलाईन की प्रकिया वर्तमान में नहीं अपनाई जाएगी।पूर्व की भांति ऑफलाइन में ही टैक्स वसूल की जायेगी।वही मुख्य पार्षद ने राजस्व की वृद्धि के लिए टैक्स कलेक्टर को कड़ा निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर