फारबिसगंज नगर परिषद का आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजट सर्वसम्मति से पारित

 


अररिया 30 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज नगर परिषद के सभागार में सोमवार को मुख्य पार्षद वीणा देवी की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2 अरब 52 करोड़ 45 लाख 27 हजार रुपये का पेश बजट को पार्षदों के ध्वनिमत से पारित किया गया।

बैठक में नप का वार्षिक बजट सीए ललन कुमार द्वारा तैयार बजट प्राक्कलन सदन में प्रस्तुत किया गया।जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष में अनुमानित व्यय 2 अरब 52 करोड़ 53 लाख 57 हजार रुपैया दर्शाया गया,जबकि अनुमानित आय के रूप में 2 अरब 66 करोड़ 98 लाख 99 हजार रुपैया बताया गया है।

नगर परिषद के पेश बजट में कुल बजट का एक बड़ा हिस्सा यानी 77 करोड़ रुपये सड़कों और पुल-पुलिया के निर्माण के लिए आवंटित किया गया है। वहीं, शहर को जलजमाव की पुरानी समस्या से मुक्ति दिलाने हेतु ड्रेनेज और सीवरेज सिस्टम पर 50 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। नगर परिषद ने 2026-27 के लिए तकरीबन 2.53 करोड़ रुपए का राजस्व बजट और तकरीबन 17.69 करोड़ करोड़ रुपए का पूंजीगत बजट पेश किया। इस तरह कुल 2 अरब 52 करोड़ 53 लाख 57 हज़ार रुपए का बजट को बोर्ड द्वारा ध्वनि मत से पारित कर दिया गया

बजट में कर-राजस्व प्राप्ति मद में 5 करोड़ 43 लाख,राजस्व एवं क्षतिपूर्ति मद में 10 करोड़,नागरिक सुविधा (स्पेशल ग्रांट) मद से 2 करोड़,सामाजिक सुरक्षा पेंशन अनुदान मद में 10 लाख,पीएम आवास योजना मद में 15 करोड़,15 वीं वित्त योजना मद में 15 करोड़,विकास अनुदान मद में 4.50 करोड़,जलापूर्ति एवं जन स्वास्थ्य में 20 करोड़,सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था से 2 करोड़,षष्ठम वित्त योजना से 10 करोड़,सड़क,पुल पुलिया निर्माण मद में 70 करोड़,जल जीवन हरियाली मद से 2 करोड़,कचरा प्रबंधन,पृथकीकरण एवं निष्पादन मद में 50 करोड़,जलापूर्ति योजना में 15 करोड़ सहित अन्य मद से लाखों की आय की संभावना जताई गई है।

वहीं आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में शहर के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है।जमीन क्रय के लिए 6 करोड़,भवन निर्माण व रखरखाव में 3 करोड़,पार्क निर्माण के लिए 4 करोड़,एमआरएफ प्वाइंट में 5 करोड़,वृद्धाश्रम में 2 करोड़,सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालय में 2 करोड,वेंडिंग जोन मद में 1 करोड़,वाहन क्रय के लिए तकरीबन 4.50 करोड़,डस्टबिन क्रय में 2 करोड,बिजली शुल्क 2 करोड़,साफ सफाई, कचरा निकासी, नाला उड़ाही में 5 करोड़ ,बाढ़ आपदा नियंत्रण मद में 47 लाख रूपये व्यय होने का अनुमान दर्शाया गया है।

मौके पर बैठक में मुख्य व उप मुख्य पार्षद के अलावा स्वच्छता पदाधिकारी वंदना भारती, प्रभारी प्रधान सहायक कामख्या नारायण सिंह उर्फ कुंदन सिंह, सिटी मैनेजर शशि आनंद, रजनीश कुमार एवं पार्षदों में चांदनी सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर