सूखा नशे के खिलाफ फारबिसगंज विधायक का अभियान स्कूल से शुरू,जनजागरूकता का उठाया कदम
अररिया 02 सितम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सूखा नशा का युवाओं में बढ़ते प्रकोप के खिलाफ जागरूकता लाने को लेकर फारबिसगंज विधायक मनोज कुमार विश्वास ने नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की है।
प्लस टू स्तरीय जोगबनी उच्च विद्यालय के साथ प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय अमौना में बुधवारा को स्कूली छात्रों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया और नशे के कारण होने वाली आर्थिक शारीरिक और मानसिक ह्रास को लेकर जानकारी दी गई।उन्होंने स्कूल के उच्च वर्ग के बच्चों से अपील की कि वे अपने घर और समाज मुहल्ले में नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करे और उन्हें समझाते हुए समाज के मुख्य धारा में लाने का प्रयास करे।
मौके पर विधायक मनोज कुमार विश्वास ने कहा कि वर्तमान समय में सूखा नशे के प्रति युवाओं में तेजी से लगाव देखा जा रहा है,जो युवा पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला कर रहा है।स्मैक,ब्राउन शुगर,गांजा, भांग,अफीम,प्रतिबंधित नशे वाली दवाई जैसे नशीला पदार्थ के प्रति युवा तेजी से बढ़ रहे है,जिसके कारण समाज और परिवार में विषमता की खाई बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि सूखा नशा का कारोबार करने वालों का फारबिसगंज के शहरी और ग्रामीण इलाकों में मजबूत नेटवर्क है और कहीं न कहीं पुलिस प्रशासन की सकारात्मक प्रयास न करने का यह परिणाम है।
उन्होंने कहा कि सूखा नशा के कारोबार में कई सफेद कॉलर वाले लोग शामिल हैं,जो कारोबार को बढ़ावा देने के साथ संरक्षण देने का काम करते हुए हमारी भावी पीढ़ी के नस्ल को खत्म कर रही है।उन्होंने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में छेड़े गए सूखा नशे के खिलाफ अभियान को लेकर जाएंगे और आमजनों को जागरूक करने का कार्य करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर