जमीन जनवाद समस्या सहित नौ सूत्री मांगों को लेकर भाकपा का धरना प्रदर्शन

 


अररिया 27 फरवरी(हि.स.)। फारबिसगंज प्रखंड सह अंचल कार्यालय में शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जमीन जनवाद सहित अन्य नौ सूत्री मांगों को लेकर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया।कामरेड शिवनारायण सिंह की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन से पहले भाकपा के कार्यकर्ताओं द्वारा डुगडुगी बजाते हुए आक्रोश मार्च निकाला गया,जो एफसीआई चौक से निकलकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में धरना प्रदर्शन और आमसभा में तब्दील हो गई।धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ साथ महिला कार्यकर्ता मौजूद थे।

मौके पर कामरेड गेना लाल महतो ने सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि सरकार की घोषणा एवं बनी कानून के बावजूद भूमिहीनों के बासगीत पर्चा का हजारों आवेदन लंबित पड़े हुए हैं।सरकार की शिलिंग एवं भूदान वाली हजारों एकड़ जमीन पर फर्जी तरीके से बड़े भूधारियों का कब्जा है।उन्होंने कहा कि सरकार खुद अपनी कानून को तोड़ने पर आमदा है ऐसे में भाकपा के कार्यकर्ता सभी को संगठित कर आंदोलन करने को विवश होगी।

प्रदर्शन को लेकर अध्यक्षता कर रहे कामरेड शिवनारायण सिंह ने कहा कि उनकी मांगों में गरीब उपभोक्ताओं को दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त,बुजुर्गों विधवा और दिव्यांगों को पांच हजार रूपये का पेंशन देने,पंचायतों में कैंप लगाकर योग्य परिवारों को राशन कार्ड मुहैया कराने,वासगीत पर्चे के लंबित मामलों के निबटारा शीघ्रता से करने,बिहार सरकार की सीलिंग एवं भूदान की जमीन को भूमिहीनों को बंदोबस्त करने,बंदोबस्त पट्टाधारियों को जमीन पर दखल दिलाने, सहबाजपुर के टोला झोंकरन में पईनी धार में पुल का निर्माण करने, बोकड़ा पंचायत में कब्रिस्तान तक विद्युतीकरण का कार्य करने और अहमदपुर महादलित टोले तक पहुंच पथ योजना के तहत सड़क का निर्माण करने की मांगें है।मांगों को नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन की धमकी दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर