पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशी की जीत पर जश्न

 


अररिया 01 मार्च(हि.स.)।पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन अर्थात एनएसयूआई के अध्यक्ष और महासचिव पद पर कब्जा होने की खुशी में फारबिसगंज में रविवाद को एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।

कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े और एक दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी।इस दौरान एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई और कांग्रेस के पक्ष में जमकर नारेबाजी की। पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष पद पर शांतनु शेखर और महासचिव पद पर खुशी कुमारी ने जीत दर्ज की है।छात्र संघ के चुनाव के परिणाम से कांग्रेस के युवा और छात्र विंग में भारी खुशी देखी जा रही है।

मौके पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी ने कहा कि छात्रों में अब नरेन्द्र मोदी की हवा हवाई बात समझ में आने लगी है। रोजगारन्मुखी कार्यक्रम और शिक्षा के बदले कॉर्पोरेट घरानों के मन की बात करने वाले भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तिलिस्म टूटने लगा है।जिसका परिणाम है पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव का यह परिणाम।जहां पहली बार अध्यक्ष और महासचिव पद पर एनएसयूआई कार्यकर्ता ने अपनी जीत दर्ज की है।

वहीं युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव करण कुमार पप्पू ने कहा कि पटना विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं ने मत देकर यह विश्वास जता दिया है कि भाजपा का सब्जबाग में वे अब फंसने वाले नहीं हैं।इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब सिंहासन खाली करने की तैयारी कर ले।

मौके पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी, करण कुमार पप्पू,कफिल अंसारी,मुमताज सलाम,संजीव शेखर,कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शाद अहमद,कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा,कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष गुलाबचंद ऋषिदेव,नगर अध्यक्ष अमितेश गुड्डू,अनवर राज,प्रदीप कुमार कर्ण,गुलशन आरा, टनटन गुप्ता, बबलू कुमार आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर