भागलपुर में कोहरे का कहर: छठ मनाकर बनारस लौट रहे दो लोगों की मौत, चार घायल
भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर-मनोहरपुर बायपास मोड़ पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बांका से छठ पूजा संपन्न कर अर्टिगा कार से उत्तर प्रदेश के बनारस लौट रहे एक परिवार की गाड़ी को सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के वक्त यूपी नंबर की अर्टिगा कार में कुल छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान बनारस निवासी कार चालक ननकू राय (45) और वंदना राय (40 वर्ष) (पत्नी बालकृष्ण राय) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। घायलों में बुलबुल शर्मा (55 वर्ष), आरती शर्मा (35 वर्ष, पत्नी प्रदीप शर्मा), आर्य शर्मा (18 वर्ष, पुत्र प्रदीप शर्मा) और तनिश शर्मा (13 वर्ष, पुत्र प्रदीप शर्मा) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार बांका के रजौन स्थित रिश्तेदार के घर छठ पर्व मनाकर सुबह करीब 7 बजे बनारस लौट रहा था। मनोहरपुर बायपास मोड़ पर घने कोहरे के चलते कम दृश्यता के कारण एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और चालक वाहन समेत फरार हो गया। वहीं सूचना पाकर मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल पुलिस बल के साथ पहुंचे, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचित किया। पुलिस फरार वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जबकि स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर कोहरे के दौरान तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों पर चिंता जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर