पिरपैंती रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर एफओबी गर्डर का सफल लॉन्चिंग
भागलपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। रेलवे अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं यात्री सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में निरंतर प्रयास करते हुए, मालदा मंडल पूर्व रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रविवार को पिरपैंती रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) गर्डर का प्रथम सफल लॉन्चिंग की गई। यह कार्य गति शक्ति इकाई मालदा द्वारा मनोज खान के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा मंडल के सतत सहयोग से संपन्न हुआ। यह कार्य 6 घंटे 10 मिनट के स्वीकृत ट्रैफिक ब्लॉक के अंतर्गत प्रातः 10:40 बजे से 16:50 बजे तक किया गया। निर्धारित समयावधि के भीतर ब्लॉक को समाप्त कर रेल सेवाओं का सुचारु एवं समयबद्ध पुनर्संचालन सुनिश्चित किया गया।
फुट ओवर ब्रिज में एक स्पैन सम्मिलित है, जिसकी कुल गर्डर लंबाई 37.310 मीटर है। लगभग 10 मीट्रिक टन भार वाले कुल 11 गर्डरों की लॉन्चिंग 250 मीट्रिक टन क्षमता वाली रोड क्रेन की सहायता से किया गया। इस तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण कार्य की सफल पूर्णता स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस कार्य के सफल निष्पादन में इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया गया। सूक्ष्म योजना एवं समन्वित टीमवर्क के फलस्वरूप निर्धारित ब्लॉक अवधि के भीतर कार्य को सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया गया। नव प्रक्षेपित फुट ओवर ब्रिज यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्मों के मध्य सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगा, भीड़भाड़ में कमी लाएगा तथा स्टेशन की समग्र पहुँच एवं सुविधा में उल्लेखनीय सुधार करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर