बाढ़ सुरक्षा को लेकर स्पर संख्या 62.95 और 64.95 का निरीक्षण
सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने तटबंध एवं स्परों की स्थिति पर निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को अपर समाहर्ता (आपदा) ने स्पर संख्या 62.95 एवं 64.95 का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं एडीएमओ भी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने दोनों स्परों की वर्तमान स्थिति, मजबूती एवं सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्परों की स्थिति तथा वहां किए जा रहे सुरक्षात्मक एवं कटावरोधी कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
अपर समाहर्ता ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को कटावरोधी एवं सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए स्परों की लगातार निगरानी जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्परों की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखें तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक संसाधन एवं सुरक्षा व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया।
प्रशासन की ओर से बाढ़ सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील स्थलों पर लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जलस्तर एवं कटाव की स्थिति में होने वाले किसी भी बदलाव की तत्काल सूचना संबंधित वरीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र