बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया सघन निरीक्षण, राहत कार्य अविलंब शुरू करने के दिए निर्देश
कटिहार, 06 सितंबर (हि.स.)। जिले में विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि और बाढ़ से उत्पन्न विषम परिस्थितियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने रविवार को वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन विभाग की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप प्रभावित परिवारों के लिए सभी तरह के राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू करने का कड़ा निर्देश दिया।
सघन दौरे के क्रम में जिलाधिकारी कुरसेला प्रखंड अंतर्गत तीनघरिया पंचायत के मालगोदाम पहुंचे। वहां उन्होंने जलजमाव और बाढ़ से घिरे लोगों की समस्याएं सुनीं तथा विस्थापित व जरूरतमंद परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण कराया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पीड़ित परिवार को खुले आसमान के नीचे न रहना पड़े, इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर पर्याप्त संख्या में पॉलीथिन शीट और सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार कैंप करें। जलस्तर की पल-पल की निगरानी, तटबंधों की सुरक्षा, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं तथा पशु चारे की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकतानुसार कम्युनिटी किचन और नावों का परिचालन भी तत्काल प्रभाव से शुरू कराया जाए।
इस दौरान बरारी विधायक विजय सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन के साथ मिलकर स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। निरीक्षण दल में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सूरज कुमार, अपर समाहर्ता (एडीएम), एडीएम (आपदा प्रबंधन) सहित संबंधित तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता, स्थानीय बीडीओ एवं सीओ उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह