कटिहार में चार नदियों के उफान से 6 लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित, राहत कार्य तेज
कटिहार, 09 सितंबर (हि.स.)। जिले में गंगा, कोसी, बरांडी एवं कारी कोसी नदियों के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। जिले के कुर्सेला, बरारी, अमदाबाद, मनिहारी तथा मनसाही अंचलों के अंतर्गत 49 ग्राम पंचायतों के 331 गांव और 3 नगर पंचायतों के 21 वार्ड बाढ़ के पानी से घिर चुके हैं। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक कुल 6,09,234 की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रभावित इलाकों में आवागमन, भोजन, स्वास्थ्य, पेयजल और पशु चारा जैसी आवश्यक सुविधाओं के साथ युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
बाढ़ की विभीषिका के बीच बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा ने मनिहारी एवं बरारी अंचल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया और पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने विकास भवन सभागार में स्थानीय विधायकों, विधान पार्षदों, जिला परिषद सदस्यों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश दिए।
विस्थापित एवं जलमग्न क्षेत्रों के लोगों के भोजन के लिए अब तक बरारी, कुर्सेला, मनिहारी और अमदाबाद में संचालित 160 सामुदायिक रसोई केंद्रों के माध्यम से 2,95,010 लोगों को भोजन कराया जा चुका है। नए प्रभावित क्षेत्रों के लिए 91 अतिरिक्त रसोई केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं। वहीं आवागमन को सुगम बनाने के लिए विभिन्न अंचलों में 102 नावों का परिचालन किया जा रहा है, जिसमें बरारी में 26, मनिहारी में 25, कुर्सेला में 24 और अमदाबाद में 14 नावें शामिल हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए 41 शिविरों के माध्यम से अब तक 2,993 मरीजों का इलाज किया गया है। वर्तमान में 24 दैनिक शिविरों के साथ 5 बोट एम्बुलेंस भी तैनात हैं। प्रभावित परिवारों के बीच अब तक 10,560 पॉलीथिन शीट्स बांटी गई हैं, जबकि मवेशियों के उपचार हेतु 5 पशु चिकित्सा शिविर लगाकर 1,273 पशुओं का इलाज और 130.30 क्विंटल सूखा चारा वितरित किया गया है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने शुद्ध पेयजल के लिए 51 चापाकल एवं 44 अस्थायी शौचालय स्थापित किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में सहायता व सूचना के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (दूरभाष: 06452-239025, 239026, 242400) 24 घंटे पालीवार कार्यरत है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक पानी में न जाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह