बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव राहत पहुंचाएगी सरकार: डॉ. प्रमोद कुमार

 


कटिहार, 12 सितंबर (हि.स.)। बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री सह कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शनिवार को जिले के बरारी प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित मोहना चांदपुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ की विभीषिका झेल रहे पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को जीआर वितरण कार्य में पूरी तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में प्रभारी मंत्री ने प्रशासनिक स्तर पर संचालित सामुदायिक रसोई, पशु स्वास्थ्य शिविर, मेडिकल कैंप और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की जमीनी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों के बीच भोजन और चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस मौके पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और किसी भी परिवार को परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचे और जीआर राशि का वितरण पारदर्शी व त्वरित गति से सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह