नारायणपुर में झुरी काटने गईं 5 युवतियां गड्ढे में डूबीं, एक की मौत
भागलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। जिले के नारायणपुर प्रखंड में मंगलवार की सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। लोक आस्था के पावन पर्व कर्मा-धर्मा पूजा के लिए पारंपरिक झुरी काटने गईं पांच युवतियां सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूब गईं।
ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से चार युवतियों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवती की पानी में दम घुटने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। यह घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नारायणपुर प्रखंड के भ्रमरपुर गांव (वार्ड संख्या 4) की है।
मंगलवार सुबह गांव की पांच युवतियां कर्मा-धर्मा पूजा की तैयारियों के तहत झुरी काटने के लिए घर से निकली थीं। गांव के ही कामामाय स्थान के समीप नई सड़क के किनारे हाल ही में आई बाढ़ और बारिश के कारण एक बड़ा और गहरा गड्ढा पानी से लबालब भरा हुआ था। पानी की गहराई का सटीक अंदाजा न होने के कारण झुरी काटने के दौरान युवतियों का पैर फिसल गया और वे एक-एक कर गहरे पानी में समाने लगीं। युवतियों के डूबने की चीख-पुकार सुनकर आस-पास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटना स्थल की ओर दौड़े और पानी में छलांग लगाकर चार युवतियों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से पुलिस ने पानी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और डूबी हुई पांचवीं युवती का शव बरामद किया। मृतक युवती की पहचान भ्रमरपुर निवासी अनिल मंडल की 18 वर्षीय पुत्री रिमझिम कुमारी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया, तालाब नुमा गड्ढे में डूबने से एक बच्ची की मौत की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों ने लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के खिलाफ जांच कर उचित मुआवजे की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर