मकेर में पानी भरे गड्ढे में डूबने से पाँच वर्षीय बच्चे की मौत

 


सारण, 18 जुलाई (हि.स.)। मकेर थाना क्षेत्र के भाथा गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे मो. सफीयान की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, मो. सलाउदीन का छोटा पुत्र सफीयान गांव के अन्य बच्चों के साथ गंडक बांध के पास स्थित भुईया बसावन मंदिर के समीप बालू पर खेलने गया था। गाँव के बाकी बच्चे तो घर लौट आए, लेकिन सफीयान वापस नहीं पहुंचा।

जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो मंदिर के पास ही पानी से भरे एक गड्ढे में उसका शव डूबा हुआ मिला। परिजन उसे तुरंत मकेर पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। घटना के बाद मां तरन्नुम बेगम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार