बेली ब्रिज से ट्रक गुजरने कआ वीडियो वायरल, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

 


भागलपुर, 15 जून (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु पर बने बेली ब्रिज के उद्घाटन के बाद शुरुआती दिनों में जाम की गंभीर समस्या देखने को मिली थी।

पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही थीं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा था। हालांकि अब जिला प्रशासन की सक्रियता और बेहतर यातायात प्रबंधन के चलते स्थिति काफी हद तक सामान्य हो गई है।

वर्तमान में चारों बेली ब्रिजों से वाहन सुगमता से एक छोर से दूसरे छोर तक आवागमन कर रहे हैं। इसी बीच बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें बेली ब्रिज से एक मिनी ट्रक गुजरता हुआ दिखाई दिया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया, क्योंकि प्रशासन की ओर से बेली ब्रिज पर केवल छोटे वाहनों के परिचालन की अनुमति दी गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच कराई। जांच में यह पुष्टि हुई कि एक मिनी ट्रक बेली ब्रिज से गुजरा था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि ट्रक में बालू या गिट्टी जैसी भारी सामग्री नहीं थी, बल्कि अन्य सामान लदा हुआ था।

इसके बावजूद वाहन को पुल से गुजरने देना ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही माना गया। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कार्रवाई करते हुए एक पुलिस अवर निरीक्षक, तीन सिपाहियों और एक होमगार्ड जवान सहित कुल पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

प्रशासन का कहना है कि बेली ब्रिज पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के बाद हुई इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि यातायात व्यवस्था और पुल की सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर