बिहार के सीवान में पांच माह की मासूम की मौत

 

सीवान, 28 जून (हि.स.)। सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के वरतवालिया गांव में पांच माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

मृत बच्ची की मां ने पति और सास पर दूध में जहर मिलाकर हत्या करने तथा साक्ष्य मिटाने के लिए शव को श्मशान में दफनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार की रात करीब 11 बजे इटवा गांव के श्मशान घाट में कब्र खुदवाकर बच्ची का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पीड़िता पुतुल देवी ने पचरुखी थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि बच्ची के जन्म के बाद से ही उसका पति राजू यादव बेटी होने से नाराज रहता था। बच्ची के एक माह की होने पर वह उसे लेकर मायके चली गई थी। 25 जून को वह बच्ची के साथ ससुराल लौटी। आरोप है कि 26 जून को जब वह स्नान करने गई हुई थी, उसी दौरान पति और सास ने दूध में जहर मिलाकर बच्ची को पिला दिया। लौटने पर उसने अपनी पांच माह की पुत्री को मृत अवस्था में पाया।

मां का आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने मिलकर साक्ष्य छिपाने की नीयत से बच्ची के शव को इटवा गांव के श्मशान घाट में दफना दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने देर रात मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव बरामद किया। इसके बाद मेडिकल टीम की निगरानी में सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।

पचरुखी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बच्ची की मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मां के आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma