नई सरकार के 100 दिन पूरे होने पर स्वास्थ्य विभाग के पांच कर्मी सम्मानित
किशनगंज, 25 जुलाई (हि.स.)। नई सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिले के पांच स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वालों में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एसटीएलएस रविशंकर कुमार (कोचाधामन एवं टेढ़ागाछ), टेलीमेडिसिन सेवा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली ठाकुरगंज की सीएचओ चित्रलेखा चौधरी, टीकाकरण अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली बहादुरगंज की एएनएम करुणा कुमारी, सदर अस्पताल की स्टाफ नर्स श्यामा कुमारी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आशा कार्यकर्ता रेणु भारती शामिल हैं। रविशंकर कुमार ने टीबी डीबीटी, टीपीटी और डिफरेंशिएट टीबी केयर में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। चित्रलेखा चौधरी ने जुलाई 2025 से जून 2026 के बीच 3,505 टेली-परामर्श देकर दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराई। करुणा कुमारी ने वर्ष 2025-26 में 126 प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण तथा अप्रैल से जून 2026 के दौरान 124 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। स्टाफ नर्स श्यामा कुमारी ने सदर अस्पताल में 1,128 सुरक्षित प्रसव कराए।
वहीं आशा कार्यकर्ता रेणु भारती ने 454 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 100 प्रतिशत टीकाकरण, आठ महिला नसबंदी और एक पुरुष नसबंदी (एनएसवी) कराने में योगदान दिया तथा उनके क्षेत्र में गृह प्रसव का कोई मामला सामने नहीं आया।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सफलता कर्मियों की मेहनत, संवेदनशीलता और समर्पण पर निर्भर करती है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके सम्मान से बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि जनसेवा की जिम्मेदारी को और अधिक निष्ठा व समर्पण के साथ निभाने का संदेश है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन, टीकाकरण, टेलीमेडिसिन, सुरक्षित मातृत्व और परिवार नियोजन जैसी योजनाओं में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह