ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने हेतु डेयरी फार्म प्रबंधन पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
नवादा, 03 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने और किसानों को वैज्ञानिक तरीके से डेयरी व्यवसाय से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा नवादा के बैनर तले शुक्रवार को पांच दिवसीय “वैज्ञानिक विधि से डेयरी फार्म प्रबंधन” विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जेपी आश्रम सोखोदेवरा परिसर स्थित राजेन्द्र भवन में किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन जिला गव्य विकास पदाधिकारी आरके निराला के द्वारा किया गया।
इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 30 युवा शामिल हो रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान पशुपालकों एवं ग्रामीण युवाओं को डेयरी व्यवसाय को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से संचालित करने की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा पशुओं के बेहतर रखरखाव, संतुलित आहार,रोग नियंत्रण,दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तकनीक,नस्ल सुधार एवं डेयरी प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को डेयरी व्यवसाय को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से डेयरी व्यवसाय अपनाकर ग्रामीण परिवार अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं।
मौके पर डॉ. भारत भूषण शर्मा, कोर्स कोआर्डिनेटर रजत रंजन, डॉ. शशांक शेखर सिंह, अंगद कुमार, फार्म प्रबंधक सुमिताप रंजन, मनोज कुमार, राजेश कुमार, सलोनी कुमारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन