सारण में सात निश्चय तीन के तहत पांच सीएचसी बनेंगे मॉडल हेल्थ सेंटर
सारण, 04 अप्रैल (हि.स.)। बिहार सरकार की मुख्यमंत्री सात निश्चय पार्ट तीन योजना के तहत जिले की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को नया विस्तार मिलने जा रहा है। जिले के पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों दरियापुर, दिघवारा, अमनौर, मांझी और परसा को प्रथम चरण में मॉडल हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर ही मरीजों को अत्याधुनिक और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है, जिससे गंभीर बीमारियों व सर्जरी के लिए जिला मुख्यालय या बड़े शहरों की दौड़ न लगानी पड़े। जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम अरविन्द कुमार के अनुसार, इन चयनित केंद्रों के लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर को विश्वस्तरीय उपकरणों से लैस किया जाएगा। प्रसव कक्ष में एलडीआर बेड, मल्टी पैरामीटर मॉनिटर और रेडिएंट वार्मर जैसी सुविधाएं होंगी, वहीं मातृ एवं स्त्री रोग ओटी में एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, हाइड्रोलिक ओटी टेबल और हिस्टेरोस्कोपी जैसी तकनीकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने बताया कि इन आधुनिक सुविधाओं के बहाल होने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित प्रसव और जटिल सर्जरी संभव होने से समय और धन दोनों की बचत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार