मत्स्य पालकों को केसीसी से जोड़ने के लिए सुपौल में विशेष अभियान

 




सुपौल, 03 अक्टूबर (हि.स.)।मत्स्य निदेशालय, बिहार, पटना के निर्देश पर जिले के मत्स्य कृषकों, मत्स्य पालकों एवं मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष संतृप्ति अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रत्येक शुक्रवार को प्रखंडवार साप्ताहिक मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को अवकाश होने की स्थिति में अगले कार्य दिवस को कैंप लगाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जिले के सभी पात्र मत्स्य पालकों एवं मछुआरों को समयबद्ध, पारदर्शी और सुलभ संस्थागत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।

केसीसी के माध्यम से पात्र लाभुक मत्स्य पालन से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं के लिए संस्थागत ऋण प्राप्त कर सकेंगे। इससे मत्स्य पालन गतिविधियों के संचालन और विस्तार के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मेगा कैंप में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैंक प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान पात्र मत्स्य कृषकों एवं मछुआरों को केसीसी से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

इच्छुक लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने में भी सहयोग किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र मत्स्य कृषकों, मत्स्य पालकों एवं मछुआरों से अपील की है कि वे अपने संबंधित प्रखंड में आयोजित विशेष संतृप्ति अभियान में भाग लेकर किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा का लाभ उठाएं। अभियान के माध्यम से पात्र लाभुकों को संस्थागत वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र