पहली सोमवारी को लेकर शिवमय हुआ भागलपुर

 


भागलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले में सावन की पहली सोमवारी को लेकर रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर हजारों की संख्या में कांवरिया श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान कर गंगाजल भरा और भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

भागलपुर के एसएम कॉलेज घाट, बरारी पुल घाट समेत अन्य प्रमुख गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद कांवर में गंगाजल भरकर दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ धाम, गोनू बाबा धाम, जैठोरनाथ धाम सहित विभिन्न शिवालयों के लिए प्रस्थान किया। पूरा वातावरण बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

कांवरियों में सावन की पहली सोमवारी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु नंगे पांव भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए पूरे जोश और आस्था के साथ अपनी यात्रा पर निकल पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर