जीरादेई के ठेपहा में ‘फर्स्ट 95’ एचआईवी जांच शिविर आयोजित, 222 मरीजों की जांच

 

सीवान, 25 फ़रवरी (हि.स.)।

सीवान जिले के जीरादेई प्रखंड अंतर्गत ठेपहा गांव में बुधवार को ‘फर्स्ट 95’ एचआईवी जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला एड्स नियंत्रक पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने फीता काटकर किया।

शिविर में एचआईवी जांच के साथ-साथ ब्लड शुगर (रक्त शर्करा), ब्लड प्रेशर (रक्तचाप), टीबी सहित कई अन्य बीमारियों की जांच की गई तथा मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शिविर में लगभग 222 मरीजों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को एचआईवी जांच के लिए प्रेरित करना और संक्रमण की समय पर पहचान सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लगाए गए इस कैंप में ग्रामीणों की निःशुल्क एवं गोपनीय एचआईवी जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को ‘फर्स्ट 95’ लक्ष्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह लक्ष्य संयुक्त राष्ट्र एचआईवी एवं एड्स संयुक्त कार्यक्रम द्वारा निर्धारित 95-95-95 रणनीति का पहला चरण है, जिसका उद्देश्य है कि 95 प्रतिशत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को अपनी स्थिति की जानकारी हो। इसके तहत सामुदायिक स्तर पर विशेष जांच शिविर, जागरूकता अभियान और परामर्श सेवाएं संचालित की जाती हैं।

शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों ने एचआईवी संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय एवं समय पर उपचार की महत्ता के बारे में भी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि समय पर जांच और इलाज से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है तथा संक्रमण के प्रसार को रोका जा सकता है।

जिले के छह प्रखंडों में इस प्रकार के कुल 14 जांच शिविर आयोजित किए जाने हैं। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) एवं राज्य एड्स नियंत्रण समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma