प्रतापगंज में भीषण अगलगी, दो घर राख; बाइक, नकदी और दो बकरियां जलीं

 


सुपौल, 06 जून (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज प्रखंड क्षेत्र की चिलौनी उत्तर पंचायत के भालूकुप वार्ड संख्या 4 में शनिवार सुबह करीब पांच बजे भीषण आग लगने से एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

अगलगी की इस घटना में धर्मेंद्र शर्मा के दो घर जलकर राख हो गए, जबकि घर में रखा अधिकांश सामान, नकदी, बाइक और दो बकरियां भी आग की भेंट चढ़ गईं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय धर्मेंद्र शर्मा की पत्नी रूबी देवी अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक पड़ोसी की नजर घर से उठ रही आग की लपटों पर पड़ी।

उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घर में सो रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों घर इसकी चपेट में आ गए। आग में घर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद, घरेलू सामान, एक बाइक तथा दो बकरियां जल गईं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पीड़ित परिवार के अनुसार अगलगी में चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना अंचल प्रशासन को दे दी गई है। अंचलाधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलने के बाद संबंधित कर्मचारी को जांच और क्षति के आकलन के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। अगलगी के बाद पीड़ित परिवार के सामने भोजन, वस्त्र और आवास की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र