आग लगने से कई घर जले
भागलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र के लैलख गांव में बीते देर रात कई घरों भीषण आग लग गई। जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में आसपास के घर भी इसके जल में आ गए।
उधर ग्रामीणों ने आग की सूचना तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को दी। साथ ही स्थानीय लोग भी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कई घरों को भारी नुकसान हो चुका था। अगलगी की इस घटना में गांव के लगभग पांच से छह घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घरों में रखे सामान, कपड़े, अनाज और जरूरी कागजात भी जलकर राख हो गए। अचानक लगी इस आग से प्रभावित परिवारों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
आग लगने से सात से आठ गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। कई बकरियों के भी झुलसने की सूचना है। ग्रामीणों के अनुसार आग के कारण पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार आग की लपटों के कारण आसपास के खेतों में लगी खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचा है।
हालांकि समय रहते ग्रामीणों ने मिलकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। वहीं लैलख पंचायत के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर