अलाव की चिंगारी से पांच घरों में लगी आग, एक बकरी की मौत

 


सुपौल, 28 नवंबर (हि.स.)। प्रतापगंज प्रखंड क्षेत्र के भालूकूप गांव में शुक्रवार देर रात अलाव की चिंगारी से पांच घरों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पांचों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में एक बकरी की भी मौत हो गई।

आग से प्रभावित परिवारों में सुखराम पासवान, गौरी पासवान, रंजीत पासवान, संजीत पासवान और अमरेंद्र पासवान शामिल हैं। ग्रामीणों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण पांचों परिवारों के घर और सामान को बचाया नहीं जा सका। अगलगी के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या उत्पन्न हो गई है। घरों में रखा अनाज भी जल गया।

घटना की सूचना मिलने पर प्रतापगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेश कुमार मिश्रा और अंचलाधिकारी विकास कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवारों से नुकसान की जानकारी ली।

अंचलाधिकारी विकास कुमार ने शनिवार सुबह बताया कि प्रभावित परिवारों को सरकारी नियमों के तहत सहायता राशि दी जाएगी। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर करीब सात लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र