अररिया में धान के बोझे में लगी भीषण आग, 40 से 45 बीघा में लगा धान जलकर राख

 


अररिया, 23 नवम्बर(हि.स.)। जिले के कुर्साकांटा प्रखंड के मेहंदीपुर चौक में बीती देर रात किसान द्वारा खेत से काटकर रखा गया धान के बोझे में आग लग गई,जिसमें करीबन 40 से 45 बीघा खेत का धान जलकर राख हो गया।धान के फसल को काटकर खेत में एक स्थान पर रखा हुआ था,उसी दौरान मध्य रात्रि को उसमें अचानक आग लग गई।आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।आगजनी से किसान को भारी नुकसान हुआ है।हालांकि पीड़ित किसानों का कहना है कि बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी है।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा हो रही है कि शादी का लग्न बीती रात काफी था और लोगों की रातभर आवाजाही हो रही थी।ऐसे में सिगरेट और पटाखा और आतिशबाजी की चिंगारी से भी आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है।हालांकि, इस बात की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। इस घटना से किसान को भारी आर्थिक क्षति होने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से घटना की जांच कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर