जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

 




सारण, 15 जुलाई (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। बिजली पैनल में लगी आग का धुआं पूरे परिसर में फैलने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। यह आग उस कमरे में लगी, जहां हजारों उत्तर पुस्तिकाएं रखी हुई थीं। गनीमत रही कि समय रहते खिड़की के रास्ते पानी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास जारी रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग को पूरी तरह बुझाया।

जांच में सामने आया कि जिस संवेदनशील कमरे में उत्तर पुस्तिकाएं थीं, वहीं बिजली का मुख्य पैनल भी लगा था, जिसे दमकल कर्मियों ने गंभीर तकनीकी चूक बताया है। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। परिसर में लगे अधिकांश अग्निशमन यंत्रों की वैधता समाप्त हो चुकी थी और कर्मचारियों को इन्हें चलाने का प्रशिक्षण तक नहीं था। दमकल विभाग ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार