मढ़ौरा के तेजपुरवा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

 






सारण, 10 अप्रैल (हि.स.)। मढ़ौरा प्रखंड के तेजपुरवा गांव में सुबह भीषण आग लगने से गांव में कोहराम मच गया। पछुआ हवा के झोंकों और आग की विकराल लपटों ने देखते ही देखते चार परिवारों की मेहनत की कमाई को राख के ढेर में तब्दील कर दिया।

इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट होने का अनुमान है। मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह उस वक्त हुई जब गांव के लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। बताया जा रहा है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने अचानक आग का रूप ले लिया। तेज पछुआ हवाओं के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय निवासी उमेश राय, सभा राय, अर्जुन राय और जगन्नाथ राय के दलान और घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि ग्रामीणों को संभलने या सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। पीड़ित परिवारों के अनुसार दलान और घर में रखा अनाज फर्नीचर टेबल कुर्सी पलंग बिछावन कीमती कपड़े अन्य घरेलू उपकरण सारा सामान जल गया है।प्रारंभिक आकलन के अनुसार चारों परिवारों को मिलाकर कुल क्षति लाखों रुपये में बताई जा रही है।

पीड़ितों का कहना है कि उनकी जीवन भर की जमा पूंजी और गृहस्थी का सामान चंद मिनटों में राख हो गया। आग की ऊंची लपटें देख पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही पड़ोसियों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग का रूप इतना विकराल था कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलने के बाद पहुंची दमकल की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे आग को अन्य घरों में फैलने से रोका जा सका। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और अंचल अधिकारी से घटनास्थल का मुआयना कर अग्नि पीड़ितों को अविलंब सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार