सौदागरपट्टी रोड पर सामान ले जा रहे कंटेनर में लगी आग, मची अफरा-तफरी

 


किशनगंज, 30 मई (हि.स.)। शहर के व्यस्त सौदागरपट्टी रोड पर शनिवार को फ्लिपकार्ट का सामान लेकर जा रहे एक कंटेनर ट्रक में अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।हालांकि समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम के पहुंच जाने से आग को फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर ट्रक सौदागरपट्टी रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक और आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को भांपते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। देखते ही देखते आग ने कंटेनर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया तथा उसे पूरे कंटेनर में फैलने से रोक दिया। आग बुझाने के दौरान सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस बल भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुचारू बनाए रखने में जुटा रहा। कंटेनर में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट का सामान लदा हुआ था। आग की वजह से सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नुकसान तथा आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह