खाद्य तेल गोदाम में लगी आग, कई घंटों तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे अग्निशमन कर्मी

 


पटना, 29 जून (हि.स.)। पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के करमली चक, महुली रोड में स्थित एक खाद्य तेल गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर एक दर्जन से अधिक अग्निशमन वाहनों के साथ अग्निशमन कर्मी जुटे थे।

बताया जा रहा है कि गोदाम में खाद्य वनस्पति, घी के गोदाम में रविवार देर रात आग लग गई। आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

आग ने इतना भीषण रूप ले लिया कि सुबह तक उस पर काबू नहीं पाया जा सका था। अग्निशमन की दर्जनों गाड़ियां कई घंटों से आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। आग के कारण 50 लाख से अधिक रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फायर अधिकारी ने बताया कि रिफाइन और डालडा का गोदाम होने से आग पर काबू पाने में देरी हो रही है। आग बुझाने के लिए फ़ोम तकनीक का उपयोग कर काबू पाने की कोशिश हो रही है। बहुत हद तक आग पर काबू पा लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त