शादी का झांसा देकर यौन शोषण, प्राथमिकी दर्ज

 


भागलपुर, 19 जून (हि.स.)। जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र से प्यार और धोखेबाजी का मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक युवती ने देवकुंड गांव के रहने वाले एक रसूखदार युवक पर पिछले 10 वर्षों से लगातार शादी का झूठा झांसा देकर उसका यौन शोषण शारीरिक संबंध बनाने करने का आरोप लगाया है। जब पीड़िता ने शादी के लिए सामाजिक और पारिवारिक दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी वादे से मुकर गया और शिकायत करने पर जान से मारने की खुली धमकी दी।

पीड़िता की लिखित शिकायत पर साल्हौला थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित महिला सन्हौला थाना क्षेत्र के बनियाडीह की रहने वाली है, ने थाने को दिए अपने शिकायती आवेदन में बताया कि मुख्य आरोपी इम्तियाज आलम देवकुंड गांव में एक पैथोलॉजी लैब जांच घर का संचालन करता है। करीब 10 वर्ष पूर्व पीड़िता के पिता की गंभीर बीमारी के दौरान जांच घर आने-जाने के क्रम में दोनों की पहली मुलाकात और जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे यह जान-पहचान गहरी दोस्ती और फिर अटूट प्रेम संबंधों में तब्दील हो गई।

पीड़िता का आरोप है कि इस 10 साल लंबे प्रेम प्रसंग के दौरान आरोपी इम्तियाज आलम ने शादी का पक्का प्रलोभन और भरोसा देकर उसके साथ कई बार जबरन और सहमति से शारीरिक संबंध बनाए। जब भी महिला शादी की बात करती, वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात को टाल देता था। हाल ही में जब पीड़िता ने हर हाल में निकाह करने का अंतिम दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और लोक-लाज के डर से पुलिस या समाज में शिकायत करने पर महिला को जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकी दी।

इधर, मामला दर्ज होने के बाद सन्हौला थाना पुलिस हरकत में आई और नियम के तहत पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल मायागंज भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि महिला का मेडिकल टेस्ट करा लिया गया है और कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराने के बाद फरार आरोपी इम्तियाज आलम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर