104 किलो गांजा बरामद मामले में चार तस्करों पर प्राथमिकी
पूर्वी चंपारण,21 अप्रैल (हि.स.)। जितना थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते दिन सोमवार को रेगनिया और अगरवा गांव के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 104.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियाें की पहचान सुबोध कुमार पिता बीरबदुर राय, राजू कुमार पिता बिंदा राय, विकाश कुमार पिता राम सिंहासन राय और राजा कुमार पिता उद्यो राय के रूप में हुई है। सभी आरोपी अगरवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार, गांजा बरामदगी के दौरान सभी तस्कर मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि चारों आरोपी लंबे समय से नारकोटिक्स का सिंडिकेट चला रहे थे। ये सभी नेपाल से गांजा लाकर रात के अंधेरे में बॉर्डर पार करते थे और भारतीय बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते थे।पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि सुबोध कुमार और विकाश कुमार पहले भी नारकोटिक्स से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं,जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।अपर थाना अध्यक्ष शिवजी पासवान ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को चेतावनी दी है कि वे शीघ्र न्यायालय में आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार