वित्तीय पारदर्शिता और विकास योजनाओं को लेकर बस्तौल में हुई ग्राम सभा

 


कटिहार, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले के प्राणपुर प्रखंड की ग्राम पंचायत राज बस्तौल में रविवार को मुखिया मोहम्मद मोजाहिद आलम की अध्यक्षता में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक निशा सिंह और जिलाधिकारी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान पंचायत के विकास कार्यों, वित्तीय पारदर्शिता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

ग्राम सभा की शुरुआत में विगत बैठक की समीक्षा के बाद ई-ग्राम स्वराज पोर्टल और ई-पंचायत पोर्टल के माध्यम से 15वें वित्त आयोग तथा षष्ठम राज्य वित्त आयोग की अनुदान राशि, व्यय और अवशेष राशि का विस्तृत विवरण जनता के समक्ष रखा गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना यानी जीपीडीपी के निर्माण को लेकर सतत विकास लक्ष्य यानी एलएसडीजी के विषय आठ सुशासन युक्त ग्राम पंचायत पर गहन विचार-विमर्श किया गया तथा नई योजनाओं के चयन व क्रियान्वयन पर रूपरेखा तैयार की गई।

सभा के दौरान सात निश्चय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ग्रामीणों को दिखाया गया और उनके संदेशों को पंचायत स्तर पर अमलीजामा पहनाने पर विचार किया गया। जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक द्वारा संचालित योजनाओं और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक कटिहार द्वारा हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर की सुविधाओं की जानकारी भी ग्रामीणों के साथ साझा की गई।

जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में अपर समाहर्त्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी और प्राणपुर के अंचल अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में प्राणपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा के समापन की घोषणा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह