महिलाओं को वित्तीय साक्षरता का दिया गया प्रशिक्षण
सुपौल, 06 जुलाई (हि.स.)।
सामाजिक एवं आर्थिक विकास कार्यक्रम के तहत सिमराही स्थित एक होटल परिसर में सोमवार को महिलाओं की आर्थिक जागरूकता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ राघोपुर थाना के एसआई मुकुल आजाद, मनु फाउंडेशन के ट्रस्टी वैद्य रीतेश मिश्र, क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के डिवीजन मैनेजर अमित कुमार गुप्ता, मो. मुश्ताक अहमद, रविशंकर सिंह तथा क्षेत्रीय प्रबंधक अभिमन्यु कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मनु फाउंडेशन के ट्रस्टी वैद्य रीतेश मिश्र ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मिलने वाले छोटे ऋण ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में वित्तीय साक्षरता बेहद आवश्यक हो गई है। आज मोबाइल फोन डिजिटल बटुए की तरह इस्तेमाल हो रहा है, इसलिए इसकी सुरक्षा और डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्कता बरतना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। राघोपुर थाना के एसआई मुकुल आजाद ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध
कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। ऋण दिलाने के नाम पर किसी को अग्रिम राशि न दें और बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या अन्य वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं श्वेता कुमारी, श्रुति कुमारी, सृष्टि कुमारी और चंदन मल्लिक को 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मैनेजर दीपक कुमार पंडित, सुमित कुमार पंडित, छोटू कुमार, रौशन कुमार यादव, अविनाश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने महिलाओं से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र