पर्व-त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

 




सुपौल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में विधि-व्यवस्था संधारण एवं लंबित कांडों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित पुलिस गश्ती करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाने और संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

सभी संबंधित पदाधिकारी तत्परता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पर्व-त्योहारों के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना, अपराध पर अंकुश लगाना और आमजन के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम रखना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र