त्योहारों पर सीवान के यात्रियों को बड़ी राहत, ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

 

सीवान, 15 सितंबर (हि.स.)। आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने सीवान के यात्रियों को बड़ी राहत दी है।

पूर्वोत्तर रेलवे ने योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर के बीच द्वि-साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सीवान और छपरा होकर 18 फेरे लगाएगी।

रेल प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 04314 योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर त्योहार विशेष ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और बृहस्पतिवार को योग नगरी ऋषिकेश से चलेगी। यह ट्रेन ऋषिकेश से दोपहर 3:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7:05 बजे सीवान तथा 8:15 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सोनपुर, हाजीपुर होते हुए सुबह 11:45 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

वापसी में 04313 मुजफ्फरपुर-योग नगरी ऋषिकेश त्योहार विशेष ट्रेन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से चलेगी। यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे छपरा और 6:35 बजे सीवान पहुंचेगी। इसके बाद गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और हरिद्वार होते हुए अगले दिन सुबह 11:15 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।

ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर जाने वाली ट्रेन हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर होते हुए सीवान पहुंचेगी। वहीं वापसी में भी यही मार्ग रहेगा। त्योहारों के दौरान उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को इस ट्रेन के संचालन से काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, शयनयान श्रेणी के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार तथा एसएलआर के दो कोच शामिल हैं।

रेल प्रशासन का यह कदम आगामी त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma