त्योहारों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: पुलिस केंद्र में दंगा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन का सघन पूर्वाभ्यास
कटिहार, 27 सितंबर (हि.स.)। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कटिहार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस केंद्र, कटिहार में पुलिसकर्मियों एवं क्विक रिस्पॉन्स टीम के जवानों द्वारा दंगा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन का विधिवत पूर्वाभ्यास किया गया।
पूर्वाभ्यास के दौरान पुलिस जवानों को दंगा नियंत्रण से जुड़े आधुनिक उपकरणों के संचालन, रख-रखाव और त्वरित उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। किसी भी संभावित उपद्रव अथवा अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टियर गैस (अश्रु गैस) के सुरक्षित, सटीक और प्रभावी प्रयोग का विशेष अभ्यास कराया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर न्यूनतम बल प्रयोग से स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके।
इसके अतिरिक्त, किसी भी आपात स्थिति अथवा कानून-व्यवस्था बिगड़ने की सूचना पर जवानों द्वारा त्वरित और समन्वित (कोऑर्डिनेटेड) कार्रवाई करने की रणनीतिक ड्रिल कराई गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और शांति भंग करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह