खुदरा खाद विक्रेताओं ने दी हड़ताल पर जाने की धमकी

 




अररिया 09 सितम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज अनुमंडल के शहरी और ग्रामीण इलाकों के खाद विक्रेताओं ने बुधवार को अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राहुल कुमार को आवेदन देकर हड़ताल पर जाने की धमकी दी।मामले को लेकर खाद विक्रेताओं ने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि सभी खुदरा खाद,बीज और कीटनाशक के खुदरा विक्रेता हैं।

उनलोगों ने बताया कि रैक प्वाइंट से यूरिया उनलोगों को 320 से 330 रूपये में उपलब्ध कराया जाता है,जबकि रैक प्वाइंट से गंतव्य स्थान तक ले जाने में प्रति बैग 44 रूपये और पांच रूपये लोडिंग अनलोडिंग का लगता है।इसी तरह डीएपी रैक प्वाइंट से 1650 से 1700 रूपये में उपलब्ध कराया जाता है और रैक प्वाइंट से गंतव्य स्थान तक ले जाने में प्रति बैग 44 रूपये और पांच रूपये लोडिंग अनलोडिंग का अतिरिक्त राशि लगता है।जबकि सरकार का निर्देश है कि यूरिया 266 रूपये प्रति बैग और डीएपी 1350 रूपये प्रति बैग के दर से बिक्री किया जाना है,जो व्यवसायिक दृष्टिकोण से संभव ही नहीं है।ऐसे में वे लोग हड़ताल पर जाने को विवश हैं।

मौके पर मौजूद प्रतिष्ठान राधा कृष्ण ट्रेडर्स, मां खाद बीज भंडार, कनिष्का खाद बीज भंडार,जिशान ट्रेडर्स,शिवम खाद बीज भंडार,आदित्य खाद बीज भंडार,सिम्मी ट्रेडर्स,अम्बे फर्टिलाइजर्स, अबुलेस ट्रेडर्स, कृष्णा फार्मा फर्टिलाइजर्स,जुनैद फर्टिलाइजर्स,मनोज खाद बीज भंडार,ममता कृषि उद्यमी सेवा केंद्र, डाबी ट्रेडर्स सहित दर्जनों प्रतिष्ठान के मालिक मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर