खाद दुकानों की जांच में पाई गई भारी अनियमितता,एसडीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
अररिया 11 सितम्बर(हि.स.)। किसानों की खाद और उर्वरक को लेकर लगातार मिल रही शिकायत के आलोक में फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी के साथ मिलकर ढोलबज्जा और सदर रोड स्थित प्रतिष्ठानों की जांच की गई।जहां पदाधिकारियों ने जांच में भारी अनियमितता पाई।जांच में उर्वरक एवं कीटनाशक के भंडारण तथा बिक्री के मामले में काफी गड़बड़ी पाए जाने पर एसडीएम ने कृषि पदाधिकारी को विधि सम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया।जय अम्बे सेल्स प्रतिष्ठान में भारी गड़बड़ी पर एसडीएम अभय कुमार तिवारी सख्त नजर आए।
जांच के दौरान एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उर्वरक के स्टैक एवं दीवार के बीच निर्धारित दूरी नहीं रखे जाने,भंडारण नियमानुसार नहीं करने, रासायनिक उर्वरक, डीएपी,यूरिया को अलग अलग रखने के बजाय पेस्टीसाइड और इनसेक्टिसाइड के साथ रखने,उर्वरक के साथ मक्का एवं अन्य खाद्य सामग्री के भंडारित होने,उर्वरक के साथ जिंक,सल्फर एवं अन्य सूक्ष्म पोषक तत्व अधिक मात्रा में पाई गई।
वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से अग्निशामक यंत्र का अधिष्ठापन नहीं पाया गया।साथ ही परिसर के अंदर संचालित धर्मकांटा का अनुज्ञप्ति उपलब्ध नहीं था,जो घोर लापरवाही है।मामले को लेकर उन्होंने कृषि पदाधिकारी को नियमानुसार प्रतिष्ठान के ऊपर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर