ब्राउन शुगर के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख

 


किशनगंज, 31 अगस्त (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने गलगलिया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिला के पास से 50 ग्राम ब्राउन शुगर/हेरोइन, 750 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी है।

सोमवार को पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर 30 अगस्त को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ टीम और गलगलिया पुलिस ने लकड़ी डिपो स्थित एक घर में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान घर से 50 ग्राम ब्राउन शुगर/हेरोइन बरामद हुई। मौके से महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने घर में मादक पदार्थ का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के साथ बरामद मादक पदार्थ के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।

तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस संबंध में गलगलिया थाना कांड संख्या 85/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c)/21(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार समेत एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई और पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों से जुड़ी सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह