सुल्तानगंज से 495 ग्राम गांजा और देशी शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

 


भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)।भागलपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगटी इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिला की पहचान गंगटी निवासी राजेश दास की पत्नी कदमा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 495 ग्राम गांजा, एक लीटर देशी शराब और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

एसएसपी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गंगटी इलाके में एक सुनसान जगह पर बनी झोपड़ी से बड़े पैमाने पर गांजा की बिक्री और तस्करी की जा रही है। इस सूचना के सत्यापन के बाद सुल्तानगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त झोपड़ी में छापेमारी की।

पुलिस ने मौके से महिला को नशीले पदार्थों के साथ धर दबोचा।मोबाइल खंगाल रही पुलिस, खुलेगा बड़ा नेटवर्कपुलिस ने महिला के पास से बरामद मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और उसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल के कॉल डिटेल्स और डेटा से इस अवैध धंधे में शामिल अन्य तस्करों और मुख्य सप्लायरों के नाम सामने आएंगे।

एसएसपी ने बताया कि एक ही स्थान से गांजा और देशी शराब का मिलना एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। फिलहाल गिरफ्तार महिला के खिलाफ सुल्तानगंज थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर